फूल और कांटे की खेती: कर्म और परिणाम की सच्चाई
The Cultivation of Flowers and Thorns: The Truth of Karma and Consequence
कभी-कभी जीवन की सबसे बड़ी सच्चाइयाँ बेहद साधारण प्रतीकों में छिपी होती हैं। एक गाँव में दो किसान थे। दोनों मेहनती, दोनों ईमानदार और दोनों ने अपने-अपने खेतों में खूब परिश्रम किया। एक ने फूलों की खेती की और दूसरे ने कांटों की। दोनों ने समय दिया, बीज बोए, खाद डाली, सिंचाई की — हर आवश्यक प्रयास किए, जैसे कोई भी सजग इंसान अपने कर्मों और जीवन में करता है।
मौसम बदला, समय गुज़रा और अब फसल सामने थी। एक ओर रंग-बिरंगे, सुगंधित फूलों से लहलहाता खेत और दूसरी ओर तीखे, रुखे और चुभने वाले कांटों से भरा मैदान।
तभी कांटे उगाने वाले किसान ने फूलों वाले किसान से पूछा —
"भाई, ये बता, तेरे खेत में इतने सुंदर फूल कैसे उग आए? हम दोनों ने तो साथ-साथ मेहनत की थी! फिर मेरे खेत में तो सिर्फ कांटे ही क्यों आए?"
इस पर फूलों वाला किसान मुस्कराया और बोला —
"भाई, बात मेहनत की नहीं, बीज की है। तूने कांटों के बीज बोए थे, तो अब फूलों की उम्मीद क्यों रखता है?"
ये बात उस किसान को समझ नहीं आई, क्योंकि वह परिणाम पर प्रश्न कर रहा था, लेकिन बीज बोने के समय उसने नहीं सोचा कि बोया क्या है।
जीवन भी बिल्कुल ऐसा ही है। हम जो सोचते हैं, वही भाव बनता है। जो भाव बनाते हैं, वही कर्म बनता है। और जो कर्म करते हैं, वही परिणाम बनकर लौटता है।
यदि हम ईर्ष्या, क्रोध, स्वार्थ और घृणा जैसे "कांटे" बोएंगे, तो जीवन में रिश्तों की, शांति की, संतोष की और प्रेम की "फूलों-सी" कोमलता कहाँ से आएगी?
कई लोग जीवन में सिर्फ मेहनत करते हैं, पर वे ये नहीं देखते कि वे किन विचारों (Thoughts), इरादों (Intentions) और भावनाओं (Emotions) के साथ वह मेहनत कर रहे हैं।
अगर आपकी दिशा गलत है, तो गंतव्य सही कैसे होगा?
इसलिए जीवन की खेती में केवल मेहनत नहीं, बल्कि विवेक (Wisdom), मूल्य (Values) और उद्देश्य (Purpose) भी जरूरी हैं।
हर इंसान को सोच-समझकर ही बीज बोना चाहिए — फूलों का या कांटों का। क्योंकि जब फसल उगेगी, तो जो बोया है, वही मिलेगा।
विचार और कर्म का यह अटल सत्य है।
जैसी खेती, वैसी ही फसल। फूल बोओगे, तो सुगंध पाओगे। कांटे बोओगे, तो चुभन ही हिस्से में आएगी।
Thoughts
-
जो बीज बोओगे, वही फसल पाएंगे।
You reap what you sow. -
कांटे बोकर फूलों की आशा मत करो।
Don't expect flowers from thorny seeds. -
शुद्ध भाव, सुंदर परिणाम लाते हैं।
Pure intentions yield beautiful results. -
हर विचार, हर भाव — एक बीज है।
Every thought, every emotion is a seed.
© 2025 ~ आनंद किशोर मेहता. All Rights Reserved.
Comments
Post a Comment